बचत भवन में क्रैच की बेहतरीन सुविधा का लाभ उठाएं कामकाजी महिलाएं

हमीरपुर ।

कामकाजी महिलाओं और उनके नन्हें बच्चों की सुविधा के लिए उपायुक्त कार्यालय परिसर के साथ ही बचत भवन में चलाए जा रहे क्रैच एवं डे-केयर सेंटर में सभी आवश्यक सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।
उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि सबसे शिक्षित जिला हमीरपुर में नौकरीपेशा महिलाओं, कारोबारी महिलाओं और रोजाना अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर जाने वाली अन्य महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसी महिलाओं के छोटे बच्चों की देखभाल के लिए जिला मुख्यालय में लंबे समय से एक बेहतरीन क्रैच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
इसी के मद्देनजर बचत भवन में संचालित किए जा रहे क्रैच एवं डे-केयर सेंटर में अतिरिक्त सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। उपायुक्त ने कामकाजी महिलाओं से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील करते हुए बताया कि इस क्रैच एवं डे-केयर सेंटर में पूरे दिन के लिए बच्चों को रखने के लिए मासिक फीस सभी करों सहित 1500 रुपये निर्धारित की गई है। जबकि, आधे दिन की फीस 800 रुपये रखी गई है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।