हमीरपुर,
पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने पहलगाम हमले के बाद भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक को देश की बहादुरी और शक्ति का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि 7 मई को भारतीय सेना ने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए पाकिस्तान में स्थित आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। इससे पूरे देश में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई है।
राणा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया को यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि भारत अब किसी भी सूरत में आतंकी गतिविधियों को सहन नहीं करेगा। भारत एक सशक्त राष्ट्र है और जो भी देश इसकी ओर बुरी नजर से देखेगा, उसका अंजाम वही होगा जो एयर स्ट्राइक में आतंकियों का हुआ।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय वायुसेना ने बड़ी ही सटीकता के साथ आतंकियों के ठिकानों को चुन-चुन कर नष्ट किया। पाकिस्तानी सेना और अधिकारियों द्वारा मारे गए आतंकवादियों के शवों को कंधा देने के लिए पहुंचना यह साबित करता है कि पाकिस्तान ही इन आतंकियों को पालता-पोसता है।
राजेंद्र राणा ने दो टूक कहा कि इतिहास गवाह है कि पाकिस्तान पर विश्वास नहीं किया जा सकता। लेकिन जिस प्रकार भारत सरकार ने सेना को खुली छूट दी और आतंकवाद के अड्डों को नेस्तनाबूद किया, वह सराहनीय है। यदि भविष्य में पाकिस्तान कोई और दुस्साहस करता है, तो भारतीय नेतृत्व और सेना उसे मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं। राजेंद्र राणा ने कहा कि हमें अपने बहादुर सैनिकों और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नाज है।
Author: Himachal Samvaad







