हमीरपुर के खोखाधारकों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

हमीरपुर ।
हमीरपुर बस स्टैंड के खोखाधारकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को शिमला में मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट करके उनका हार्दिक आभार प्रकट किया।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खोखाधारकों की दुकानों पर मनमाने तरीके से बुलडोजर चलाकर उनका रोजगार खत्म कर दिया गया था और उन्हें बेघर कर दिया गया था। रोजगार एवं न्याय की इस लड़ाई में खोखाधारकों की हर पुकार को अनसुना कर दिया गया था।  लेकिन, मुख्यमंत्री ने इन गरीब परिवारों को बहुत बड़ा सहारा प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने खोखाधारकों के साथ न्याय किया है और इनकी रोजी-रोटी का पूरा ख्याल रखा है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
 मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खोखाधारकों के पुनर्वास के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कृतसंकल्प हैं और हमीरपुर के खोखाधारकों के लिए भी उन्हांेने किसी भी तरह की कमी न रखने का भरोसा दिया है। इससे कई गरीब परिवारों को अब रोजी-रोटी की चिंता नहीं रहेगी।
  इस अवसर पर एपीएमसी हमीरपुर के अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, मनोज शर्मा, राकेश वर्मा, सुनील कुमार, हर्ष कालिया, धनेड़ के प्रधान नीलम शर्मा, कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कई खोखाधारक भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।