ईएलसी और चुनावी पाठशालाओं में आयोजित हों जागरुकता गतिविधियां : अमरजीत सिंह

हमीरपुर ।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने शिक्षण संस्थानों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को उनके नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करने एवं मतदाताओं की चुनावों में सक्रिय भागीदारी तथा लोकतंत्र की मजबूती हेतु जागरुक करने के लिए शिक्षण संस्थानों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) तथा मतदान केंद्रों में चुनावी पाठशाला गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार इन गतिविधियों के आयोजन के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला में माह के प्रथम शनिवार के दिन शिक्षण संस्थानों में कक्षा 9वीं से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के साथ ईएलसी गतिविधियां तथा माह के तृतीय शनिवार को सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों की सहायता से चुनावी पाठशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनके लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने शिक्षण संस्थानों में ईएलसी गतिविधियां तथा मतदान केंद्रों पर चुनावी पाठशालाओं से संबंधित गतिविधियां तुरंत आरंभ करवाएं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।