जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के संरक्षकों और आजीवन सदस्यों की बैठक 2 को

हमीरपुर ।

जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की विभिन्न गतिविधियों के विस्तार तथा अन्य मुद्दों पर व्यापक चर्चा के लिए 2 अप्रैल को दोपहर बाद 3 बजे हमीरपुर के बचत भवन में सोसाइटी के संरक्षकों और आजीवन सदस्यों तथा अन्य पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों के संबंध में शुक्रवार को जिला के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उपायुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 2 अप्रैल को होने वाली बैठक के दौरान संरक्षकों और आजीवन सदस्यों को सोसाइटी की विभिन्न गतिविधियों और आगामी कार्य योजना से अवगत करवाया जाएगा तथा इस संबंध में उनके महत्वपूर्ण सुझाव लिए जाएंगे।
उपायुक्त ने सोसाइटी के सचिव और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला विकलांगता पुनर्वास केंद्र, महिला एवं बाल विकास और समग्र शिक्षा विभाग के अधिकारियों को 2 अप्रैल को प्रस्तावित बैठक में विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अमरजीत सिंह ने बताया कि सोसाइटी शीघ्र ही जिले में विकलांगता पहचान शिविर आयोजित करेगी। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किए गए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमीरपुर अस्पताल में रैडक्रॉस सोसाइटी की लैब को दोबारा शुरू किया जाएगा। इस लैब में आधुनिक मशीन और उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए फंड जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने सभी संरक्षकों और आजीवन सदस्यों से बैठक में भाग लेने की अपील की है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला में बड़ी संख्या में लोग रैडक्रॉस सोसाइटी से जुड़ रहे हैं। 25 हजार रुपये के शुल्क के साथ सोसाइटी के संरक्षक बने लोगों की संख्या 16 हो चुकी है। इसी प्रकार, एक हजार रुपये के शुल्क के साथ सोसाइटी की आजीवन सदस्यता लेने वाले लोगों की संख्या करीब 700 हो चुकी है।
बीते दिनों निर्वाचन विभाग के तहसीलदार गुरभज सिंह राणा भी सोसाइटी के संरक्षक बने हैं। इनके अलावा जिला सांख्यिकीय अधिकारी अशोक कुमार, जगरनाथ शर्मा, कमलदीप सिंह, अशोक कुमार, उपायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियांे अवनीत कुमार, अभिमन्यु ठाकुर, विनोद कुमार, ज्योति प्रकाश, तहसीलदार शशि जसरोटिया, अंजुला धीमान और निक्का राम धीमान ने आजीवन सदस्यता ग्रहण की।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।