नरदेव कंवर ने ली कामगार कल्याण बोर्ड के अधिकारियों की बैठक,मुख्य कार्यालय से जिला स्तरीय कार्यालय में डेप्यूट किए अतिरिक्त कर्मचारी

हमीरपुर ।

हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर ने मंगलवार को यहां बोर्ड के मुख्य कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बोर्ड के माध्यम से संचालित की जा रही सभी 13 योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी तत्परता एवं समर्पण भाव के साथ कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक कामगार लाभान्वित किए जा सकें।
नरदेव कंवर ने कहा कि जिला हमीरपुर में अभी तक लगभग 90 हजार कामगार बोर्ड में पंजीकृत हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड के जिला स्तरीय कार्यालय में कामगारों की भीड़ को देखते हुए मुख्य कार्यालय से पांच अतिरिक्त कर्मचारियों को बारी-बारी एक-एक हफ्ते के लिए विशेष रूप से डेप्यूट किया जा रहा है। इससे जिला के कामगारों के पंजीकरण, पुराने पंजीकृत मामलों के नवीनीकरण और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के आवेदनों के निपटारे में तेजी आएगी। इसके लिए बोर्ड के मुख्य कार्यालय के एसीएफ नरेश चौहान को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नरदेव कंवर ने बताया कि एसओ विनय कुमार को जिला स्तरीय कार्यालय का नियमित रूप से निरीक्षण करने तथा अध्यक्ष को ताजा स्थिति से अवगत करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।