जिला परिषद की बैठक में कई मुद्दों पर हुई व्यापक चर्चा

हमीरपुर ।

जिला परिषद हमीरपुर की त्रैमासिक बैठक सोमवार को यहां परिषद के सम्मेलन हॉल में आयोजित की गई। परिषद की अध्यक्ष बबली देवी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सदस्यों की ओर से उठाए गए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान परिषद के सदस्यों ने सड़क, बिजली, पानी, नशे की समस्या और कई अन्य जनसमस्याओं से संबंधित मुद्दे उठाए। सुजानपुर-संधोल सड़क और भरेड़ी-सरकाघाट सड़क के विस्तारीकरण, ग्राम पंचायत कक्कड़ के गांव फगलोट में पुलिया के निर्माण, ऊना-भोटा-नेरचौक सड़क और अन्य सड़कों के कार्यों एवं मरम्मत को लेकर संबंधित सदस्यों ने विभागीय अधिकारियों से जवाब तलब किया।
भोटा बाइपास सड़क के राजस्व रिकॉर्ड में दुरुस्ती, सड़क किनारे रेहड़ियों-फहड़ियों को हटाने बारे, नादौन उपमंडल के गांव खरेड़, गांव सराय, गांव लाहड़ और ग्राम पंचायत हथोल में सड़क किनारे डंगों के निर्माण, पीएचसी धनेटा की चारदिवारी, ग्वालपत्थर में रेन शैल्टर के निर्माण, रंगस क्षेत्र के गांव नियाटी में अतिक्रमण, सुजानपुर में विभिन्न सिंचाई योजनाओं, भोरंज में चैकडैम की मरम्मत एवं चैनलाइजेशन, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल समस्या, जल शक्ति विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन, भोटा के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, धनेटा और बड़ा में क्षेत्र में हैंडपंप लगाने, नशीले पदार्थों के सेवन एवं तस्करी की समस्या, बोर्ड की परीक्षाओं में नकल को रोकने के उपायों, धनेटा में ट्रैफिक लाइटें लगवाने, सुजानपुर और जंगलबैरी के अस्पतालों की विभिन्न व्यवस्थाओं, पीएचसी धमरोल के निर्माण कार्य, स्वास्थ्य केंद्र चंदरूही के भवन की चारदिवारी, खैरी के गौ-अभयारण्य की समस्याओं, वनों को आग से बचाने के प्रबंधों, पंद्रहवें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि के व्यय, सोलर लाइटों की मरम्मत और कई अन्य कार्यों को लेकर भी परिषद के सदस्यों ने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट ली।
जिला परिषद अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे सदस्यों की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों के प्रति गंभीरता एवं तत्परता दिखाएं। इन मुद्दों एवं जनसमस्याओं के निवारण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। क्योंकि, ये सभी मुद्दे आम जनता से जुड़े हुए हैं।
बैठक में एडीएम एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल चौहान ने भी सभी अधिकारियों को तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन जिला पंचायत अधिकारी एवं परिषद की सचिव शशिबाला ठाकुर ने किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।