खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता से न हो कोई समझौता: अमरजीत सिंह,जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में उपायुक्त ने दिए निर्देश

हमीरपुर ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा एवं मानक विंग और अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिला में खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता है। इसलिए, सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में किसी भी तरह की कोताही न बरतें।
उपायुक्त ने बताया कि होटल, रेस्तरां, ढाबा और खाने-पीने की दुकानों इत्यादि के पंजीकरण और लाइसेंसिंग के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने ऑनलाइन सुविधा प्रदान की है। जिला हमीरपुर में अभी तक लगभग 1553 व्यवसायियों एवं संस्थानों को लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं। इन व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में नियमित रूप से सैंपलिंग एवं टैस्टिंग की जानी चाहिए।
अमरजीत सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इस वित्त वर्ष के दौरान जिला के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से 77 सैंपल लिए थे। इनमें से 15 खाद्य वस्तुओं के सैंपल ठीक नहीं पाए गए हैं। इन मामलों में कार्रवाई की जा रही है। इनके अलावा कई पुराने मामलों के दोषी कारोबारियों को लगभग 2.21 लाख रुपये का जुर्माना किया गया है।
उपायुक्त ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रांे में भी खाने की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपलिंग एवं टैस्टिंग के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला के सबसे बड़े धार्मिक स्थल बाबा बालक नाथ मंदिर में ‘भोग’ योजना के तहत प्रसाद और लंगर के खाने की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दुकानों में तलाई के लिए प्रयोग हो चुके तेल की कलेक्शन के लिए अब प्रदेश सरकार ने एक नई फर्म को अधिकृत किया है। सभी दुकानदारों को इसके प्रति जागरुक किया जाना चाहिए। उपायुक्त ने शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को भी खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरुक करने के निर्देश दिए। हमीरपुर शहर में क्लीन स्ट्रीट फूड हब के निर्माण और खाद्य सुरक्षा से संबंधित कई अन्य मुद्दों पर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई।
बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं मानक विभाग के सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने विभिन्न मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एडीएम राहुल चौहान, सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।