हमीरपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत में 2731 केसों का निपटारा

हमीरपुर ।

अदालतों में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए शनिवार को जिला हमीरपुर के तीन न्यायिक परिसरों हमीरपुर, नादौन और बड़सर में भी राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई गई। जिला एवं सत्र न्यायधीश और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष भुवनेश अवस्थी की अध्यक्षता में लगाई गई इन लोक अदालतों में कई केसों की सुनवाई की गई तथा कई मामलों का त्वरित निपटारा कर दिया गया।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान सुनवाई के लिए आए कुल 9400 केसों में 2731 का त्वरित निपटारा कर दिया गया। इन केसों में 1.26 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वसूली गई।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि इनमें से प्री-लिटिगेशन के 883 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें से 156 का निपटारा कर दिया गया। इनमें 4.14 लाख रुपये की राशि वसूल की गई। पोस्ट-लिटिगेशन के 668 मामलों में से 326 का निपटारा कर दिया गया और इनमें 1.12 करोड़ रुपये से अधिक राशि वसूली गई। मोटर वाहन अधिनियम के 7849 केसों में से 2249 केस निपटा दिए गए और इनमें 10.15 लाख रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत एक बहुत ही अच्छा माध्यम है। समय-समय पर राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई जाती है। लोगों को इनका लाभ उठाना चाहिए। इससे उनके समय और धन की बचत होगी।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।