मुंडखर स्कूल में मिनी मैराथन से दिया बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश

भोरंज ।

बालिकाओं के अस्तित्व, सुरक्षा और सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने तथा इसके प्रति आम लोगों को जागरुक करने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मुंडखर में मिनी मैराथन प्रतियोगिता आयोजित की। एसडीएम शशिपाल शर्मा ने मिनी मैराथन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना का मुख्य उद्देश्य बेटा-बेटी में भेदभाव को पूरी तरह समाप्त करना है। इस योजना के तहत भोरंज उपमंडल में भी कई जागरुकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं और इस योजना के बेहतर क्रियान्वयन से आम लोगों में बेटियों के प्रति सोच में सराहनीय बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं हैं। इन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान किए जाने चाहिए।
मिनी मैराथन प्रतियोगिता के आयोजन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की सराहना करते हुए एसडीएम ने कहा कि मिनी मैराथन जैसी प्रतियोगिताओं से केवल विद्यार्थियों के शारीरिक सामर्थ्य की ही परीक्षा नहीं होती है, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में कई ऐसे गुण भी विकसित होते हैं जो उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए मददगार साबित होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित मिनी मैराथन प्रतियोगिता में लगभग 80 विद्यार्थियों ने भाग  लिया। लड़कियों के वर्ग में छठी कक्षा की उपासना ने पहला, सातवीं कक्षा की प्रेमवती ने दूसरा और आठवीं कक्षा की पल्लवी ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कों के वर्ग में आठवीं कक्षा के छवि राम पहले, सातवीं कक्षा के सुनील दूसरे और छठी कक्षा के विनय कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
एसडीएम ने इन सभी विजेताओं को मैडल और स्मृति चिह्न तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी रवि दत्त, सांख्यिकी सहायक सुनील कुमार, वृत पर्यवेक्षक अभिषेक, पोषण समन्वयक अक्षय महाजन, अन्य अधिकारी और स्कूल के शिक्षक उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।