सीएम हेल्पलाइन व्हाट्सऐप चैटबोट से करवाएं समस्याओं का निवारण,9418601100 नंबर पर उपलब्ध है सीएम हेल्पलाइन व्हाट्सऐप चैटबोट

हमीरपुर ।

एडीएम राहुल चौहान ने बताया कि 1100 नंबर पर उपलब्ध मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन को और प्रभावी बनाने तथा जनसमस्याओं का त्वरित निवारण सुनिश्चित करने के लिए व्हाट्सऐप चैटबोट भी शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि अब 1100 नंबर के अलावा मोबाइल नंबर 9418601100 पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन व्हाट्सऐप चैटबोट सुविधा आरंभ की गई है। इसमें कई नए फीचर्स का प्रावधान किया गया है। इस नंबर पर अंग्रेजी में ‘हाय’ का मैसेज भेजते ही व्हाट्सऐप चैट पर इंटरैक्टिव मेन्यु आ जाता है, जिसमें शिकायत के पंजीकरण, हेल्पलाइन से कॉल बैक सुविधा, शिकायत के ताजा स्टेटस और कई अन्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए शिकायतकर्ता का हिंदी या अंग्रेजी में बहुत ही सरल शब्दों में मार्गदर्शन किया जाता है। इसमें शिकायतकर्ताओं की ओर से फीडबैक देने का प्रावधान और प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने की सुविधा भी प्रदान की गई है।
एडीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन व्हाट्सऐप चैटबोट के माध्यम से कोई भी नागरिक अपनी समस्या का त्वरित निवारण करवा सकता है। आम लोगों को इस आधुनिक एवं त्वरित सुविधा का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने जिला के सभी अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन व्हाट्सऐप चैटबोट का व्यापक प्रचार-प्रसार करनेे के निर्देश दिए हैं, ताकि आम लोग इसका लाभ उठा सकें।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।