अप्लास्टिक एनीमिया से पीड़ित लड़की के घर पहुंचे एसडीएम, प्रशासन और सरकार की ओर से हरसंभव मदद का दिया भरोसा

हमीरपुर ।

गंभीर बीमारी अप्लास्टिक एनीमिया से पीड़ित निकटवर्ती गांव मझोग सुल्तानी की एक 19 वर्षीय लड़की निशा शर्मा का कुशलक्षेम जानने तथा उसे प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध करवाने के लिए एसडीएम संजीत सिंह शनिवार सुबह निशा के घर पहुंचे।
इस दौरान एसडीएम ने निशा शर्मा और उनके अभिभावकों से बातचीत की तथा प्रशासन एवं प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
संजीत सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार निशा शर्मा का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है। उसका बोन मैरो ट्रांसप्लांट किया जाना है और इस पर 20 से 25 लाख रुपये तक खर्च हो सकता है। एसडीएम ने बताया कि निशा शर्मा बीपीएल परिवार से संबंध रखती हैं। उसके इलाज के लिए सभी संभावित संसाधनों से हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने निशा के अभिभावकों से पीजीआई के डॉक्टरों से इलाज के खर्चे का एस्टीमेट लेने का आग्रह भी किया, ताकि इसके आधार पर आर्थिक मदद की व्यवस्था की जा सके।
एसडीएम ने कहा कि आम लोग भी निशा शर्मा की आर्थिक मदद के लिए आगे आ सकते हैं और पंजाब नेशनल बैंक में उसकी खाता संख्या 0211001500059394 आईएफएससी कोड पीयूएनबी 0021100 में अंशदान कर सकते हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।