उद्यम लगाने के लिए बैंकों की ऋण योजनाओं का उठाएं लाभ,कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक ने गांव डुंगी में लगाया वित्तीय साक्षरता शिविर

हमीरपुर ।

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की टिक्कर खातरियां शाखा ने नाबार्ड के सहयोग से ग्राम पंचायत टिक्कर बुहला के गांव डुंगी में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया।
शिविर के दौरान गांववासियों का मार्गदर्शन करते हुए शाखा के प्रबंधक मोहिंद्र चौहान और अन्य अधिकारियों ने बताया कि आम लोग अपना उद्यम या कारोबार स्थापित करने, मकान निर्माण और अन्य कार्यों के लिए बैंक से आसानी से ऋण प्राप्त कर सकते हैं। सरकार ने भी किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों और अन्य कारोबारियों के लिए कई सब्सिडी योजनाएं एवं स्वरोजगार योजनाएं आरंभ की हैं। इन योजनाओं को बैंकों से लिंक किया गया है। पात्र लोगों को इन ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
प्रबंधक ने बताया कि सभी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड अवश्य बनवाना चाहिए। इस कार्ड के माध्यम से वे बैंकों से तुरंत सस्ती दरों पर ऋण ले सकते हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों को अटल पेंशन, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम जन सुरक्षा योजना और अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी।
शिविर के दौरान लोगों को डिजिटल बैंकिंग की विभिन्न प्रक्रियाओं से भी अवगत करवाया गया तथा डिजिटल ठगी से बचने के उपाय बताए गए। मोहिंद्र चौहान ने बताया कि कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के बचत खाते का बैलेंस का पता लगाने के लिए 95800-79717 नंबर पर मिस्ड कॉल भी की जा सकती है।
शिविर में बैंक के अन्य कर्मचारी दिनेश कुमार, अश्वनी शर्मा, प्रमोद शर्मा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।