जिला पुनर्वास केंद्र का लाभ उठाएं दिव्यांगजन : अमरजीत सिंह, उपायुक्त ने अधरंग से ग्रस्त प्रीतम चंद को भेंट की व्हील चेयर

हमीरपुर ।

दिव्यांगजनों को विभिन्न सुविधाएं प्रदान करने के लिए उपायुक्त कार्यालय परिसर के हमीर भवन में स्थापित जिला पुनर्वास केंद्र दिव्यांगजनों के लिए काफी सुविधाजनक साबित हो रहा है। इस केंद्र के माध्यम से दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं अन्य उपकरण, फिजियोथैरेपी, व्हील चेयर्स और बैशाखी इत्यादि मुहैया करवाई जा रही हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त अमरजीत सिंह ने ग्राम पंचायत मुंडखर के गांव ठारा के प्रीतम चंद को व्हील चेयर प्रदान की। प्रीतम चंद लंबे समय से अधरंग से ग्रस्त हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उन्होंने व्हील चेयर प्रदान करने के लिए उपायुक्त और जिला पुनर्वास केंद्र के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
उपायुक्त ने बताया कि जिला पुनर्वास केंद्र में दिव्यांगजनों को कई सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। दिव्यांगजनों को इस केंद्र का भरपूर लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर, ज़िला पुनर्वास केंद्र के प्रभारी अधिकारी पवन बन्याल, तकनीशियन मनोज कुमार, अनिल कुमार तथा अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।