देवांशी मिस फेयरवैल और आस्था मिस पर्सनैल्टी बनीं

हमीरपुर ।

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में शुक्रवार को 12वीं कक्षा की छात्राओं के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। 11वीं कक्षा की छात्राओं की ओर से आयोजित इस विदाई समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न स्पर्धाएं भी आयोजित की गईं।
इस अवसर पर 12वीं की छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए प्रधानाचार्य पूनम चौहान ने कहा कि हर विद्यार्थी में कोई न कोई प्रतिभा एवं योग्यता होती है। इसलिए, विद्यार्थी को जीवन में अपनी रुचि, योग्यता एवं प्रतिभा के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करनी चाहिए। मेहनत के बल पर जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। पूनम चौहान ने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी किसी से कम नहीं हैं। इन विद्यार्थियों ने हर क्षेत्र में सराहनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस बार पासआउट होने जा रही छात्राएं भी जीवन में अवश्य सफल होंगी। इस अवसर पर स्कूल के अन्य शिक्षकों एवं शिक्षिकाएं ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं में देवांशी ने मिस फेयरवैल, आस्था मिस पर्सनैल्टी, अक्षि अटवाल मिस ऑलराउंडर, कृषिका मिस ब्यूटी और पलक शर्मा ने मिस इंटैलीजेंट का खिताब जीता।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।