प्रतिभाशाली बेटियों के घर जाकर लगाईं उनके नाम की पट्टिकाएं

नादौन ।

विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नादौन ने प्रतिभाशाली बेटियों को सम्मानित करने तथा उनके माध्यम से अन्य लड़कियों को भी प्रेरित करने के लिए ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना’ के तहत इन प्रतिभाशाली बेटियों के घर जाकर उनके नाम की पट्टिकाएं लगाने का अभियान शुरू किया है।
इसी अभियान के तहत शुक्रवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग और नगर परिषद नादौन के अध्यक्ष शम्मी सोनी ने नादौन शहर की प्रतिभाशाली बेटी प्रज्ञा सोनी पुत्री विजय सोनी और ग्राम पंचायत कोहला की नेहा पुत्री संजय कुमार के नाम की पट्टिकाएं उनके घर जाकर लगाईं।
बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक पंचायत में शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली एक बेटी के नाम की पट्टिका उसके घर जाकर लगाई जा रही है, ताकि इन बेटियों को प्रोत्साहित किया जा सके तथा अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष शम्मी सोनी ने भी इन बेटियों तथा इनके अभिभावकों को बधाई दी और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर वृत पर्यवेक्षक सीमा देवी, संजय कुमार, लड़कियों के अभिभावक तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेे।
-0-
फोटो कैप्शन: प्रज्ञा सोनी पुत्री विजय सोनी के घर जाकर उनके नाम की पट्टिका लगाते बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग तथा नगर परिषद नादौन के अध्यक्ष शम्मी सोनी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।