आवास योजना का लाभ लेने के लिए करें ऑनलाइन आवेदन : राहुल चौहान

हमीरपुर ।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राहुल चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत मकान बनाने के लिए शहर के पात्र लोगों से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
राहुल चौहान ने बताया कि शहर में रहने वाले ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लोग प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का लाभ लेने के लिए पात्र हैं। इन लोगों को मकान निर्माण के लिए शहरी विकास विभाग के माध्यम से ढाई लाख रुपये की राशि मिलेगी।
उन्होंने बताया कि आवेदक नगर निगम क्षेत्र हमीरपुर का स्थायी निवासी होना चाहिए तथा उसके परिवार की सालाना आय 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इच्छुक लोग वेबपोर्टल पीएमएवाईएमआईएस.जीओवी.इन  pmaymis.gov.in   पर स्वयं या लोकमित्र केंद्र में जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए आवेदक एवं उसके परिजनों के आधार नंबर, आवेदक के बैंक खाते का विवरण, आय प्रमाण पत्र और जमीन का पर्चा-ततीमा आवश्यक है। अधिक जानकारी के लिए नगर निगम हमीरपुर के कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।