नशे के खात्मे के लिए सभी करें सहयोग : भगत सिंह ठाकुर, हाई स्कूल बलोह में आयोजित कार्यक्रम में एसपी ने की अपील

हमीरपुर 04 फरवरी। ग्राम पंचायत बलोह और जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय उच्च पाठशाला बलोह में नशा विरोधी जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एसपी भगत सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों, शिक्षकों, क्षेत्र के पंचायत जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी एवं आशा वर्कर्स और अन्य स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि नशे जैसी अत्यंत गंभीर समस्या से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी बड़ी तेजी से नशे के जाल में फंस रही है। इससे कई परिवार पूरी तरह तबाह हो चुके हैं। उन्हांेने कहा कि नशे के खात्मे के लिए सभी का सक्रिय सहयोग बहुत जरूरी है।
एसपी ने बताया कि जिला हमीरपुर में पुलिस ने नशे के उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाया है तथा नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। इस नंबर पर सूचना मिलते ही पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है तथा सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाता है। एसपी ने शिक्षकों और बच्चों के अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों के लिए भी प्रेरित करें। इससे वे नशे जैसी बुराई से दूर रहेंगे।
इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान लता देवी और राजकीय उच्च पाठशाला बलोह के मुख्यध्यापक दलजीत सिंह चौहान ने एसपी का आभार व्यक्त किया तथा उनके द्वारा शुरू किए गए नशा विरोधी अभियान की सराहना की।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुमन भारती, स्कूल के शिक्षक, क्षेत्र की आंगनवाड़ी एवं आशा वर्कर्स, पंचायत जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।