ट्रेनिंग से लौटे डीसी अमरजीत सिंह ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा

हमीरपुर ।
लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी में लगभग एक माह की ट्रेनिंग के बाद लौटे उपायुक्त अमरजीत सिंह ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर के विभिन्न भवनों में चल रहे मरम्मत एवं निर्माण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्हांेने मिनी सचिवालय के पीछे बन रहे ओपन एयर जिम और हमीर भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि ओपन एयर जिम में आम लोगों की कसरत के लिए आधुनिक उपकरण स्थापित कर दिए गए हैं और इस पर लगभग साढे पांच लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसमें रेलिंग, फर्श और अन्य कार्य भी अतिशीघ्र पूरे कर लिए जाएंगे। यह ओपन एयर जिम डीसी एवं एसपी कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा आम लोगों के लिए भी खुला रहेगा। इससे जिला विकलांगता पुनर्वास केंद्र में फीजियोथैरेपी के लिए आने वाले दिव्यांगजन भी लाभान्वित होंगे।
अमरजीत सिंह ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय परिसर में ही चिल्ड्रन पार्क, कैंटीन और अन्य कार्य भी तेजी से पूरे करवाए जा रहे हैं, ताकि इस पूरे परिसर में आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी पूर्ण चंद कटोच और डीआरडीए के अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।