पीएनबी 7-8 को लगाएगा हाउस लोन और सूर्या घर ऋण एक्सपो

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक 7 और 8 फरवरी को हमीरपुर बस स्टैंड के सामने हाउसिंग लोन एवं सूर्या घर ऋण एक्सपो का आयोजन करने जा रहा है।
पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर के प्रमुख अरविंद सरोच ने बताया कि मकान बनाने के लिए ऋण लेने और सूर्या घर योजना के तहत घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने हेतु ऋण लेने के इच्छुक लोगों की सुविधा के लिए विशेष रूप से यह एक्सपो आयोजित किया जा रहा है। इसमें लोगों को बैंक की विशेष ऋण योजनाओं और ब्याज दरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
अरविंद सरोच ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक का हाउसिंग लोन 8.40 प्रतिशत ब्याज दर और सूर्या घर योजना के तहत घर की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र के लिए ऋण 7 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध है। एक्सपो के दौरान इस तरह के ऋणों को त्वरित स्वीकृति प्रदान की जाएगी तथा विशेष ऑफर एवं छूट भी दी जाएगी। इस दौरान रियल एस्टेट विशेषज्ञों और बैंक अधिकारियों से विशेष परामर्श भी प्राप्त किया जा सकता है।
अरविंद सरोच ने बताया कि इस एक्सपो का उद्देश्य ग्राहकों को उनके सपनों का घर खरीदने और सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और ऋण विशेषज्ञ मौके पर ही ऋण से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने में मदद करेंगे। अधिक जानकारी के पंजाब नेशनल बैंक की नजदीकी शाखा में संपर्क किया जा सकता है।
बैंक के सर्कल प्रमुख ने जिलावासियों से इस एक्सपो का लाभ उठाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि इस एक्सपो का उदघाटन हमीरपुर के उपायुक्त अमरजीत सिंह करेंगे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।