ग्राम पंचायत स्वाहल की ग्राम सुधार सभा उपरला स्वाहल के कार्यालय का उद्घाटन कर इसे जनता के लिए समर्पित किया

हमीरपुर।
विधायक सदर आशीष शर्मा ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत स्वाहल की ग्राम सुधार सभा उपरला स्वाहल के कार्यालय का उद्घाटन कर इसे जनता के लिए समर्पित किया। इस कार्यालय भवन का निर्माण ग्राम सुधार सभा के सहयोग और विधायक आशीष शर्मा की ओर से ऐच्छिक निधि से जारी पचास हजार रुपये से किया गया है।

गांव की सुधार सभा कमेटी व सभी ग्रामीणों ने इस पुनीत कार्य के लिए विधायक आशीष शर्मा का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि गांव की सुधार सभा गांव के विकास व उत्थान के लिए हमेशा प्रयासरत रहती है। उन्होंने कहा कि जो भी कार्य जनता की ओर से उन्हें बताए जाते हैं वह उस कार्य को विधायक निधि या अपने स्तर पर पूरा करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि वह रोजाना अपनों के बीच में रहकर उनके सुख दुख में शामिल रहते हैं। इस मौके पर स्थानीय सुधार सभा के सदस्य सोनु, विनोद, अशोक सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।