बड़सर स्कूल में मनाया गया राष्ट्रीय मतदाता दिवस

बड़सर ।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कार्यवाहक एसडीएम धर्मपाल नेगी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस और पूर्ण राजत्व दिवस की शुभकामनाएं दी तथा हर निर्वाचन में निष्पक्ष एवं बिना किसी प्रलोभन के मतदान करने की शपथ दिलाई।
उन्होंने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारतीय चुनाव आयोग की स्थापना हुई थी। आयोग की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने पर वर्ष 2011 में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने की परंपरा आरंभ की गई थी। मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की सरकार कैसी हो इसका स्वरूप मतदान से ही तय होता है। मतदाता अगर सही प्रतिनिधि को चुनते हैं तो एक अच्छी सरकार बनती है और देश और प्रदेश का विकास एवं कल्याण सुनिश्चित होता है। उन्होंने विशेषकर युवा मतदाताओं से आह्वान किया कि वे आने वाले चुनावों में जरूर मतदान करें, क्योंकि जब वे मतदान करते हैं तो देश व प्रदेश के भविष्य के बारे में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हैं।
उन्होंने यह भी सन्देश दिया कि ज्यादा से ज्यादा मतदान लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने सभी वयस्क युवक व युवतियों को बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाना चाहिए। इसके लिए वे स्थानीय बूथ लेवल अधिकारी, निर्वाचन कार्यालय बड़सर के माध्यम से या ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता और नारा लेखन प्रतियोगिता भी करवाई गई। इन प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार सुरम सिंह भाटिया, बड़सर स्कूल के शिक्षक संजय कुमार, अशोक कुमार, राजेश कुमार, कपिल देव, वीना देवी और प्रदीप कुमार, निर्वाचन कार्यालय से राज कुमार, प्रवीण संब्याल, विनोद कुमार, अनिल कुमार, रोशन लाल, स्थानीय बूथ लेवल अधिकारी कांता देवी, श्रेष्ठा देवी और सुषमा देवी भी उपस्थित रहीं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।