हर निर्वाचन में करना चाहिए मताधिकार का प्रयोग : राहुल चौहान

हमीरपुर ।

भारत निर्वाचन आयोग का स्थापना दिवस शनिवार को हमीरपुर में भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया गया। शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में एडीएम एवं कार्यवाहक उपायुक्त राहुल चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर सभी जिलावासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की बधाई देते हुए राहुल चौहान ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हर नागरिक को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाना चाहिए तथा हर निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि नए पात्र युवाओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग अब साल में चार बार मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण करवा रहा है। इसकी अहर्क तिथियां एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्तूबर निर्धारित की गई हैं। यानि इन चार तिथियों को 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर युवा अपने नाम मतदाता सूचियों में पंजीकृत करवा सकते हैं।
इस अवसर उन्होंने उपस्थित लोगों को हर निर्वाचन में स्वतंत्र रूप से, निर्भीक होकर और किसी भी तरह के प्रलोभन में आए बगैर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ भी दिलाई तथा नए युवा मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार का देश के मतदाताओं के नाम वीडियो संदेश भी दिखाया गया।
इससे पहले, जिला निर्वाचन कार्यालय के नायब तहसीलदार राजेश कौंडल ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, युवा मतदाताओं और प्रतिभागी विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। जबकि, हमीरपुर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी भाषण, गीत-संगीत, लोकनृत्य और लघु नाटक के माध्यम से मतदाता जागरुकता का संदेश दिया। इन सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम में एसडीएम संजीत सिंह, तहसीलदार सुभाष कुमार, जिला सांख्यिकीय अधिकारी अशोक कुमार, प्रधानाचार्य मुश्ताक मुहम्मद, नायब तहसीलदार जगदीश ठाकुर, निर्वाचन विभाग के नायब तहसीलदार किशोर ठाकुर, प्रोग्रामर निखिल भारद्वाज, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक, हमीरपुर शहर और इसके आस-पास के 15 पोलिंग बूथों के बीएलओ तथा बड़ी संख्या में नए युवा मतदाता भी उपस्थित थे।
जिला स्तर के अलावा उपमंडल स्तर और बूथ स्तर पर भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।