हमीरपुर में खुलेगा कामगार कल्याण बोर्ड का प्रदेश कार्यालय : सुनील शर्मा बिट्टू

हमीरपुर ।

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड ने वीरवार को यहां टाउन हॉल में कामगारों के लिए जागरुकता एवं आवश्यक सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कामगारों को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड का प्रदेश स्तरीय कार्यालय हमीरपुर में स्थापित करने का निर्णय लिया है। शीघ्र ही इस कार्यालय का संचालन आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कामगार कल्याण बोर्ड सहित सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसी के तहत सभी पात्र कामगारों का बोर्ड में पंजीकरण और ई-केवाईसी सुनिश्चित की जाएगी। इससे एजेंटों का धंधा खत्म होगा और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र कामगारों तक पहुंचेगा। मनरेगा की चर्चा करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय मनमोहन सिंह की दूरदर्शी सोच से निकली इस योजना ने गरीब लोगों, विशेषकर महिलाओं को बहुत बड़ा सहारा दिया है।
इस मौके पर नरदेव कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दृष्टिकोण के साथ कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री की इस सोच को धरातल पर लागू करने के लिए बोर्ड 13 विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कामगारों को लाभान्वित कर रहा है। इसके लिए वह स्वयं प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर रहे हैं। अभी तक प्रदेश भर में लगभग साढे चार लाख कामगारों का पंजीकरण किया जा चुका है तथा इनकी ई-केवाईसी भी आरंभ की गई है। जिला मंडी के बाद हमीरपुर में सर्वाधिक 81 हजार कामगारों का पंजीकरण किया गया है। उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी के दौरान प्रदेश में लगभग 1400 लोग बोर्ड की योजनाओं के लिए अपात्र पाए गए हैं।
नरदेव कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने विधवा, एकल एवं दिव्यांग महिलाओं और मनरेगा की महिला वर्कर्स के लिए बोर्ड के माध्यम से मकान निर्माण हेतु तीन लाख रुपये की धनराशि का प्रावधान किया है। अगर कोई कामगार किसी निजी भवन या अन्य निर्माण कार्य में मजदूरी करता है तो वह भी बोर्ड में अपना पंजीकरण करवा सकता है। भवन मालिक और स्थानीय पंचायत सदस्य द्वारा सत्यापन के बाद वह मजदूर भी बोर्ड की योजनाओं का लाभ उठा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने भी कामगारों को संबोधित किया और बोर्ड की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
श्रम कल्याण अधिकारी रश्मि ठाकुर ने विशेष अतिथि, कार्यक्रम के अध्यक्ष और सभी कामगारों का स्वागत किया तथा बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में हमीरपुर ब्लॉक के सैकड़ों कामगारों को इंडक्शन चूल्हे भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, कौशल विकास निगम की जिला समन्वयक निशा कटोच, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नरेश ठाकुर, इंटक के जिला अध्यक्ष कर्मचंद जस्सल, किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेश ठाकुर, निवर्तमान नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष मनोज मिन्हास, मनोनीत पार्षद सुनील ठाकुर, राकेश वर्मा, निशांत शर्मा, अन्य पार्षद, पुरुषोत्तम कालिया, आरसी डोगरा, मनोहर लाल कानगो, अंशुल शर्मा, मदन लाल कौंडल, शहनशाह, राजेंद्र वर्मा, विवेक कटोच, बीआर शर्मा, कांग्रेस और इसके सभी फ्रंटल संगठनों के अन्य पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कामगार भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।