कैप्टन रणजीत सिंह और नरदेव कंवर ने धौलासिद्ध परियोजना के मजदूरों को बांटी पंजीकरण कापियां

सुजानपुर।

विधायक कैप्टन रणजीत सिंह और हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर ने बुधवार दोपहर बाद धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया और श्रमिकों के साथ संवाद किया।
उन्होंने परियोजना के श्रमिकों को हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की पंजीकरण कापियां वितरित कीं तथा बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर श्रम कल्याण अधिकारी रश्मि ठाकुर और परियोजना के अधिकारियों ने विधायक कैप्टन रणजीत सिंह और हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर का स्वागत किया और श्रमिकों को प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।