सेना भर्ती का फिजिकल टेस्ट 17 से, मोबाइल फोन पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध,प्रदर्शनवर्द्धक ड्रग्स के दुरुपयोग की जांच के लिए होगा डोप टेस्ट

हमीरपुर ।

थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल बीएस भंडारी ने बताया कि 17 से 24 जनवरी तक यहां अणु के मैदान में होने वाले तीन जिलों के पात्र उम्मीदवारों के फिजिकल टेस्ट, मेडिकल परीक्षण और दस्तावेजों की जांच के दौरान पूरे भर्ती क्षेत्र में मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
कर्नल बीएस भंडारी ने बताया कि इस भर्ती रैली के दौरान जिला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के लगभग 3200 युवाओं का फिजिकल टेस्ट होगा जो संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि रैली स्थल पर मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसलिए, सभी उम्मीदवार अपने व्यक्तिगत सामान के लिए वैकल्पिक समाधान अपनाएं।
निदेशक ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे अपने एडमिट कार्ड का अच्छी क्वालिटी का रंगीन प्रिंट साथ लाएं, ताकि जांच के दौरान बार कोड स्कैनिंग में कोई दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि सभी उम्मीदवार भर्ती की अधिसूचना में दी गई सभी हिदायतों को ध्यान से पढ़ें और अपने प्रमाण पत्रों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां साथ में लाएं।
निदेशक ने बताया कि जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के सहयोग से भर्ती रैली के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि फिजिकल टेस्ट के दौरान किसी भी तरह के प्रदर्शनवर्द्धक ड्रग्स के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं। शारीरिक क्षमता एवं प्रदर्शन बढ़ाने वाली लगभग 20 चिह्नित दवाइयों के दुरुपयोग की जांच के लिए अभ्यर्थियों के डोप टेस्ट किए जाएंगे और दोषी पाए जाने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कर्नल बीएस भंडारी ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे भर्ती के संबंध में किसी भी तरह के प्रलोभन या प्रभाव में न आएं। उन्होंने कहा कि सेना भर्ती कार्यालय पूरी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्षता के साथ संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।