भोरंज में हर वर्ष 12 जनवरी को मनाएंगे लोहड़ी उत्सव: सुरेश कुमार

भोरंज।

विधायक सुरेश कुमार ने कहा है कि भोरंज में अब हर वर्ष 12 जनवरी को लोहड़ी उत्सव आयोजित किया जाएगा। सोमवार देर शाम को भोरंज के मिनी सचिवालय के परिसर में प्रथम लोहड़ी उत्सव के शुभारंभ अवसर पर सुरेश कुमार ने यह घोषणा की।
उन्होंने कहा कि भोरंज में उपमंडल प्रशासन और क्षेत्र की विभिन्न संस्थाओं के आपसी समन्वय से प्रथम लोहड़ी उत्सव का आयोजन काफी सफल रहा है। लोहड़ी उत्सव की इस परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा। इससे नई पीढ़ी हमारी समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू होगी और इस लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्द्धन को बढ़ावा मिलेगा। विधायक ने भोरंज में खेल के मैदान के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की और लोहड़ी उत्सव की स्मारिका का विमोचन भी किया।
इससे पहले, विधायक ने दीप प्रज्जवलन के साथ लोहड़ी उत्सव का शुभारंभ किया। एसडीएम शशिपाल शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा सभी लोगों का स्वागत किया।
लोहड़ी उत्सव की सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश के जाने-माने कलाकार ईशांत भारद्वाज ने एक के बाद एक गीत प्रस्तुत करके खूब समां बांधा। उनके अलावा अन्य स्थानीय लोक कलाकारों ने भी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
स्थानीय कलाकारों में साईं विजन पब्लिक स्कूल की अंशिका एवं सहेलियां, भोरंज स्कूल की डॉली एवं सहेलियां, टिक्कर खातरियां स्कूल के अरुण सुमार, भोरंज कॉलेज की चाहत कतना, सिया एवं सहेलियां, एसवीएन तरक्वाड़ी की युक्ता एवं सहेलियां, कॅरियर प्वाइंट विश्वविद्यालय के अमीष एवं साथी, लोक कलाकार अच्छर एवं साथी, शिवदयाल, शीश और ऋषा इत्यादि ने भी पहाड़ी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
सांस्कृतिक संध्या में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया, एसडीएम शशिपाल शर्मा, डीएसपी लालमन शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, विक्रम शर्मा, कांग्रेस पार्टी और भोरंज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, बीएमओ डॉ. ललित कालिया और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।