सेना भर्ती के ग्राउंड टेस्ट में प्रदर्शनवर्द्धक ड्रग्स के प्रयोग पर कड़ी नजर,20 दवाइयों के होंगे टेस्ट, सेना भर्ती कार्यालय ने स्वास्थ्य विभाग के साथ बनाई रणनीति

हमीरपुर ।

थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल बीएस भंडारी ने बताया कि 17 से 24 जनवरी तक यहां अणु के मैदान में होने वाले तीन जिलों के युवाओं के फिजिकल टेस्ट के दौरान किसी भी तरह के प्रदर्शनवर्द्धक ड्रग्स के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं।
इस संबंध में हमीरपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उनकी टीम के साथ विशेष बैठक की गई है। कर्नल बीएस भंडारी ने बताया कि शारीरिक क्षमता एवं प्रदर्शन बढ़ाने वाली लगभग 20 चिह्नित दवाइयों के दुरुपयोग की जांच के लिए अभ्यर्थियों के डोप टेस्ट किए जाएंगे और दोषी पाए जाने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने तीनों जिलों हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर में कैमिस्टों एवं दवा विक्रेताओं को भी इस बारे में अलर्ट किया है।
कर्नल बीएस भंडारी ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे भर्ती के संबंध में किसी भी तरह के प्रलोभन या प्रभाव में न आएं। उन्होंने कहा कि सेना भर्ती कार्यालय पूरी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्षता के साथ संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।