सेना भर्ती रैली के लिए किए जा रहे सभी प्रबंध : राहुल चौहान

हमीरपुर ।

एडीएम एवं कार्यवाहक उपायुक्त राहुल चौहान ने बताया कि अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड एवं डिग्री कालेज परिसर में 17 से 24 जनवरी तक आयोजित होने वाले थल सेना की अग्निवीर भर्ती के फिजिकल टेस्ट, मेडिकल परीक्षण और दस्तावेजों की जांच के लिए जिला प्रशासन की ओर से भी सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
वीरवार को यहां हमीर भवन में जिला के प्रशासनिक, पुलिस, अन्य संबंधित विभागों, नगर निगम तथा सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान राहुल चौहान ने कहा कि इस भर्ती रैली में जिला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के केवल उन युवाओं का ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगी जोकि संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास कर चुके हैं। रैली के दौरान प्रतिदिन लगभग 600 उम्मीदवारों का फिजिकल टेस्ट, मेडिकल परीक्षण और दस्तावेजों की जांच होगी।
कार्यवाहक उपायुक्त ने कहा कि भर्ती रैली स्थल पर पेयजल, शौचालय, बिजली, जलपान, चिकित्सा सुविधा, परिवहन सुविधा, पार्किंग, टैंट और अन्य आवश्यक प्रबंधों के लिए पहले ही संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। इन विभागों के कार्यालय अध्यक्ष भर्ती रैली के दौरान अणु में तैनात होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची एवं मोबाइल नंबर सेना भर्ती कार्यालय के साथ साझा करें और मैदान के अंदर तैनात होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्ड भी बनवा लें।
राहुल चौहान ने कहा कि पात्र उम्मीदवारों की मैदान में एंट्री सुबह 3-4 बजे शुरू हो जाएगी। इसलिए, सभी विभागों को इसी समय के अनुसार तैयारी करनी होगी। उन्होंने कहा कि भर्ती के लिए बाहर से आने वाली सेना की टीम के रहने और वाहनों की पार्किंग इत्यादि के लिए जिला पंचायत संसाधन केंद्र सलासी, एनआईटी और अन्य स्थानों पर विशेष व्यवस्था की जा रही है।
बैठक में रैली से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर एसपी भगत सिंह ठाकुर, सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, एसडीएम संजीत सिंह, सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के मेजर हरीश और अन्य अधिकारियों ने भी विभिन्न प्रबंधों पर महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
——-
अभ्यर्थियों का डोप टेस्ट होगा, संदिग्ध लोगों पर रहेगी कड़ी नजर

कार्यवाहक उपायुक्त ने कहा कि भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा अपनी शारीरिक क्षमता एवं प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाइयों के प्रयोग और रैली स्थल के आस-पास संदिग्ध लोगों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि शारीरिक क्षमता एवं प्रदर्शन बढ़ाने वाली लगभग 20 चिह्नित दवाइयों के दुरुपयोग की जांच के लिए अभ्यर्थियों का डोप टेस्ट होगा। इसलिए, सभी अभ्यर्थी इन दवाइयों के प्रयोग से बचें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसके प्रति युवाओं तथा कैमिस्टों को आगाह करने के निर्देश भी दिए। राहुल चौहान ने बताया कि युवाओं को भर्ती के नाम पर झांसा या प्रलोभन देने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट पर रहेंगी।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।