कोट स्कूल में दी मासिक धर्म स्वच्छता की जानकारी, सेनिटरी पैड भी बांटे

हमीरपुर ।

बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय हमीरपुर ने मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोट में ‘वो दिन’ योजना के तहत उपमंडल स्तरीय जागरुकता शिविर आयोजित किया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित इस जागरुकता शिविर में स्कूल की लगभग 100 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त स्वास्थ्य पर्यवेक्षक संतोष बन्याल ने किशोरियों को माहवारी के दौरान सफाई का विशेष ध्यान रखने, संतुलित आहार लेने और योग एवं हल्का व्यायाम करने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान किशोरियों के लिए नारा लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिता भी करवाई गई, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाली किशोरियों को पुरस्कार वितरित किए गए।
पेंटिंग प्रतियोगिता में शीतल शर्मा प्रथम, विभूति ठाकुर द्वितीय और प्रीति तृतीय स्थान पर रही। नारा लेखन प्रतियोगिता में पायल पहले, अंकिता दूसरे और आंचल तीसरे स्थान पर रही।
इस अवसर पर नैगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के तहत बिटिया फाउंडेशन की तरफ से सभी किशोरियों को सेनिटरी पैड वितरित किए गए। शिविर में स्कूल की कार्यवाहक प्रधानाचार्य सपना शर्मा और अन्य शिक्षकों ने भी भाग लिया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।