भोरंज में धूमधाम से मनाई जाएगी लोहड़ी और गणतंत्र दिवस

भोरंज ।

लोहड़ी के उपलक्ष्य पर इस बार भोरंज के मिनी सचिवालय परिसर में विशेष आयोजन किया जाएगा और इस पर्व को उपमंडल स्तर पर धूमधाम से मनाने की परंपरा शुरू की जाएगी। इसके अलावा 26 जनवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज के परिसर में उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह भी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। एसडीएम शशिपाल शर्मा ने शुक्रवार को यहां मिनी सचिवालय में उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करके दोनों कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की।
उन्होंने कहा कि उत्सव और त्यौहार हमारी संस्कृति के अभिन्न अंग हैं। ये आपसी भाईचारे एवं सौहार्द को बढ़ावा देते हैं और आम जनजीवन की व्यस्तताओं के बीच एक-दूसरे के साथ मिलने-जुलने तथा मनोरंजन के अवसर भी प्रदान करते हैं। इससे हमारी समृद्ध संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्द्धन होता है तथा नई पीढ़ी भी इस संस्कृति से परिचित होती है।
एसडीएम ने कहा कि भोरंज उपमंडल में कोई बड़ा मेला या उत्सव आयोजित नहीं किया जाता है। इसलिए, लोहड़ी के उपलक्ष्य पर 13 जनवरी की शाम को मिनी सचिवालय के परिसर में यह पर्व मनाया जाएगा, जिसमें इस पर्व से संबंधित सभी परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा तथा इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की चर्चा करते हुए एसडीएम ने बताया कि यह समारोह 26 जनवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रातः 11 बजे मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और परेड आयोजित की जाएगी। इस परेड में पुलिस, होमगार्ड्स, एनसीसी, एनएसएस और विभिन्न स्कूलों की टुकड़ियां मार्चपास्ट करेंगी। समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे। एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों को इस समारोह के सफल आयोजन के लिए तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस समारोह में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, नायब तहसीलदार पृथ्वी चंद, विभिन्न विभागों और बैंकों के अधिकारी तथा शिक्षण संस्थानों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।