शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा को दी श्रद्धांजलि

हमीरपुर।

सेना मैडल (शौर्य) से अलंकृत शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा के शहीदी दिवस पर बुधवार को उन्हें हमीरपुर में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा चौक और निर्माणाधीन युद्ध स्मारक के परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में उपायुक्त अमरजीत सिंह, एसपी भगत सिंह ठाकुर, एएसपी राजेश कुमार और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों, शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा के परिजनों, भूतपूर्व सैनिकों और आम नागरिकों ने शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए और देश के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान का स्मरण किया।
कैप्टन मृदुल शर्मा एक जनवरी 2004 को जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में बहादुरी के साथ लड़ते हुए शहीद हो गए थे। इस अदम्य साहस के लिए उन्हें मरणोपरांत सेना मैडल (शौर्य) से अलंकृत किया गया था।
प्रदेश सरकार ने शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा की स्मृति में ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर का नाम शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) हमीरपुर किया है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।