लोक कलाकारों ने दोबड़ कलां और जीहण में बताई सरकारी योजनाएं

नादौन ।

प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और विशेषकर अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा समाज के अन्य वर्गों के कल्याण, उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने 16 दिसंबर से फोक मीडिया के माध्यम से विशेष अभियान आरंभ किया है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नटराज कला मंच के लोक कलाकारों ने नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत बड़ा के गांव दोबड़ कलां और ग्राम पंचायत जीहण में जागरुकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
नटराज कला मंच के अध्यक्ष राजीव जस्सल के नेतृत्व में इन लोक कलाकारों ने स्थानीय लोगों को गीत-संगीत और नाटक के माध्यम से मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी महिला सम्मान निधि योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजना, विशेष आपदा राहत पैकेज, राजीव गांधी स्टार्टअप योजना तथा कई अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
लोक कलाकारों ने बताया कि इंदिरा गांधी महिला सम्मान निधि योजना से लगभग 45 हजार महिलाओं को लाभान्वित किया जा चुका है। इनके अलावा सभी बुजुर्गों, दिव्यांगों, विधवा एवं एकल नारियों को भी सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है।
दिव्यांग छात्रों को 625 से 5000 रुपये तक छात्रवृत्ति दी जा रही है। घर बनाने के लिए डेढ़ लाख की राशि दी जा रही है। स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के अंतर्गत प्रदेश में 1666 लोगों को घर बनाने के लिए पैसे दिए गए हैं। दिव्यांगों की शादी के लिए 25000 से 50000 रुपये तक की राशि दी जाती है। अंतरजातीय विवाह पर 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
लोक कलाकारों ने बताया कि प्रदेश सरकार ने गाय के दूध के लिए 45 रुपये और भैंस के दूध के लिए 55 रुपये प्रति किलोग्राम न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया है। प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की को 30 रुपये प्रति किलोग्राम और गेहूं को 40 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जा रहा है। लोक कलाकारों ने स्थानीय लोगों को कई अन्य सरकारी योजनाओं से भी अवगत करवाया।
इन कार्यक्रमों के दौरान ग्राम पंचायत बड़ा की प्रधान सरिता देवी, पंचायत सदस्य चंद किशोर, ग्राम पंचायत जीहण की प्रधान सुमन देवी, पंचायत सदस्य पूजा, वर्षा रानी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।