भरनांग की महिलाओं ने आरसेटी की मदद से सीखी डेयरी फार्मिंग की बारीकियां

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा गांव भरनांग की महिलाओं के लिए आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में महिलाओं को डेयरी फार्मिंग और केंचुआ खाद बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
शिविर के समापन अवसर पर आरसेटी के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर के प्रमुख अरविंद सरोच ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रतिभागी महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए अरविंद सरोच ने कहा कि आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं अपने उद्यम स्थापित कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि अपने उद्यम या कारोबार आरंभ करने की इच्छुक महिलाओं की मदद के लिए कई ऋण एवं अनुदान योजनाएं चलाई जा रही हैं। महिलाओं को इनका लाभ उठाना चाहिए। महिलाएं स्वयं सहायता समूहों का गठन करके भी सामूहिक रूप से उद्यम चला सकती हैं।
इससे पहले, आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भरनांग में आयोजित शिविर में 31 महिलाओं ने डेयरी फार्मिंग और केंचुआ खाद बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया। संसार चंद राणा और देवीलाल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। समापन अवसर पर वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।