विकास कार्यों में तत्परता दिखाएं पीडब्ल्यूडी के अधिकारी : सुरेश कुमार

हमीरपुर ।

भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार सभी विकास कार्यों में तत्परता दिखाएं और इन्हें निर्धारित अवधि में पूरा करवाएं। शनिवार को यहां लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय के सम्मेलन हॉल में विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सुरेश कुमार ने कहा कि नई प्रस्तावित डीपीआर पर सभी एसडीओ पूरा होमवर्क करें, ताकि इन्हें मंजूरी दिलाने वाले में कोई भी अड़चन न आ सके। उन्होंने कहा कि प्लानिंग की बैठक से पहले सभी औपचारिकताएं पूरी होनी चाहिए।
पीएमजीएसवाई, नाबार्ड, सीआरआईएफ, स्टेट फंड और अन्य योजनाओं के तहत सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि वैसे तो जिला की सभी 248 ग्राम पंचायतों को सड़कों से जोड़ा जा चुका है, लेकिन अभी भी कई छोटे-छोटे गांव या बस्तियां सड़क से महरूम हैं। इन्हें भी सड़कों से जोड़ने के लिए अधिकारी फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति को देखें और कहीं पर भी जमीन से संबंधित विवाद हैं तो इन्हें दूर करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा समाज के गणमान्य लोगों की मदद लें।
उन्होंने कहा कि बस्सी-सरकाघाट, पट्टा-अवाहदेवी और जिला की कुछ अन्य सड़कों के उन्नयन कार्यों में अनावश्यक विलंब हो रहा है। इनके ठेकेदारों या फर्मों को नोटिस जारी करें। विधायक ने कहा कि सड़कों के उन्नयन के दौरान जल शक्ति विभाग, बिजली बोर्ड, बीएसएनएल और अन्य मोबाइल कंपनियों की लाइनों की पासिंग की व्यवस्था के लिए इन विभागों एवं कंपनियांे के साथ समन्वय बहुत जरूरी है। इन लाइनों के लिए सड़कों को बार-बार खोदने की नौबत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 34 सड़कों के प्रस्तावों को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी व्यापक चर्चा की गई।
सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं जैसे-हमीरपुर बस स्टैंड, डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज, राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल, इंडोर स्टेडियम नादौन, एचपीटीडीसी होटल नादौन, धनेटा कालेज, मिनी सचिवालय बड़सर, भोरंज बस स्टैंड और अन्य बड़े विकास कार्य निर्धारित समय अवधि के भीतर पूरे होने चाहिए। इनमें अगर कोई बाधा आ रही है तो तुरंत सरकार के ध्यान में लाएं। अगर कोई ठेकेदार एक से अधिक मेगा प्रोजेक्ट पर कार्य कर रहा है तो उन सभी प्रोजेक्टों की साइटों पर अलग-अलग मशीनरी एवं लेबर होनी चाहिए। तभी ये प्रोजेक्ट समय पर पूरे हो सकेंगे। बैठक में विकास कार्यों से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता संजय सोनी और अधीक्षण अभियंता विजय चौधरी ने विभिन्न सड़कों, पुलों और सरकारी भवनों के निर्माण कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। जबकि, अधिशाषी अभियंता दीपक कपिल ने विधायक और सभी अधिकारियों का धन्यवाद किया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।