आपदा प्रबंधन के लिए पंचायत स्तर पर तैयार किए जा रहे हैं वॉलंटियर्स

हमीरपुर ।

किसी भी तरह की आपदा से निपटने हेतु प्रभावी तंत्र विकसित करने के लिए पंचायत स्तर पर युवा वालंटियर्स की टास्क फोर्स तैयार करने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को प्राथमिक चिकित्सा, सर्च एवं रेस्क्यू और आपदा प्रबंधन के अन्य पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खंड स्तर पर आयोजित किए जा रहे इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों की कड़ी में खंड विकास अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया।
इसी प्रकार खंड विकास अधिकारी कार्यालय नादौन में 9 से 11 दिसंबर तक, खंड विकास अधिकारी कार्यालय भोरंज में 16 से 18 दिसंबर तक, खंड विकास अधिकारी कार्यालय टौणीदेवी में 19 से 21 दिसंबर तक, खंड विकास अधिकारी कार्यालय बिझड़ी में 26 से 28 दिसंबर तक और खंड विकास अधिकारी कार्यालय सुजानपुर में एक से 3 जनवरी तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त एवं डीडीएमए के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य आपदा प्रबंधन में स्थानीय समुदाय की क्षमता एवं भागीदारी को बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि जिला की हर पंचायत में लगभग 15-15 स्वयंसेवी प्रशिक्षित किए जाएंगे, ताकि किसी भी तरह की आपात परिस्थिति में इनकी सेवाएं ली जा सकें। उन्होंने बताया कि अभी तक जिला के 6 विकास खंडों में लगभग 1500 वालंटियर्स को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
उन्होंने सभी पंचायत जनप्रतिनिधियों से इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि किसी भी तरह की आपदा से निपटने के लिए पंचायत स्तर तक एक सुनियोजित एवं प्रभावी तंत्र विकसित हो सके।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।