बेंगलुरू में अमरूद की नई किस्में की जानकारी ले रहे हैं हिमाचल के अधिकारी

हमीरपुर ।

प्रदेश सरकार एचपीशिवा परियोजना के माध्यम से राज्य के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फल उत्पादन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही है। इसके लिए विभिन्न फलों की नई-नई किस्मों की खेती को प्रोत्साहित करके फलों के उत्पादन को बढ़ाने की दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है।
इसी कड़ी में उद्यान विभाग के अधिकारियों के एक दल को अमरूद और अन्य फलों की नई किस्मों की जानकारी प्राप्त करने के लिए भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान बेंगलुरू भेजा गया है।
हमीरपुर में तैनात उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश्वर परमार ने बताया कि भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान बेंगलुरू के फार्म में अमरूद की नई उन्नत किस्में उगाई गई हैं। इनमें से तीन किस्मों को हिमाचल प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए बहुत ही उपयुक्त पाया गया है।
डॉ. राजेश्वर परमार ने बताया कि कम जमीन पर ज्यादा पौधारोपण तथा ज्यादा पैदावार के लिए ये उन्नत किस्में काफी अच्छी हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार एचपीशिवा परियोजना के तहत इन किस्मों को हिमाचल के बागवानों को उपलब्ध करवाने के लिए कार्य किया जाएगा, जिससे बागवानी के क्षेत्र में एक नई क्रांति का सूत्रपात होगा।

-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।