सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर करें अधिक से अधिक अंशदान

हमीरपुर ।

सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) मदनशील शर्मा ने सभी लोगों से प्रतिवर्ष 7 दिसंबर को मनाए जाने वाले सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर यथासंभव अधिक से अधिक अंशदान करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न युद्धों और अन्य सैन्य ऑपरेशनों में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों, अपंग हुए सैनिकों और अन्य भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के कार्यों में मदद के लिए सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है। इसके लिए एक फंड बनाया गया है, जिससे जरुरतमंद भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों की मदद की जाती है। इसमें हर नागरिक को अंशदान करना चाहिए।
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) मदनशील शर्मा ने बताया कि 28 अगस्त 1949 को भारत के तत्कालीन रक्षा मंत्री के अधीन गठित एक समिति ने 7 दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाने का निर्णय लिया था। इस साल भारत 75वां झंडा दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि इस विशेष अवसर पर सभी नागरिक हमारी सीमाओं पर बहादुरी से लड़ने वाले वीर सैनिकों और उनके परिजनों के कल्याण के लिए झंडा दिवस निधि में अंशदान दें।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।