शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव ला रही है प्रदेश सरकार : सुरेश कुमार

भोरंज।

विधायक सुरेश कुमार ने कहा है कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव लाने की दिशा में कार्य कर रही है। वीरवार को यहां मिनी सचिवालय के सम्मेलन हॉल में भोरंज के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों और शिक्षा विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक में सुरेश कुमार ने कहा कि प्रदेश के शैक्षणिक ढांचे में आमूल-चूल परिवर्तन के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बड़े फैसले ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पहले हिमाचल प्रदेश का नाम भारत के अग्रणी राज्यों में शामिल था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों के दौरान यहां के शैक्षणिक स्तर पर बड़ी गिरावट देखने को मिली। अब मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में दोबारा अग्रणी राज्य बनाने के लिए विशेष पहल कर रहे हैं। इसी क्रम में शिक्षण संस्थानों का युक्तिकरण, शिक्षकों की भर्ती, इंग्लिश मीडियम में पढ़ाई, राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों की स्थापना और अन्य कार्य किए जा रहे हैं।
सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के इन प्रयासों को फलीभूत करने में जिला हमीरपुर को अग्रणी भूमिका निभानी होगी, क्योंकि इस जिला ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी एक अलग  पहचान बनाई है। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि वे इस दिशा में तत्परता के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर विधायक ने शैक्षणिक ढांचे में सुधार के लिए क्षेत्र के स्कूल प्रमुखों से व्यापक चर्चा की तथा उनसे महत्वपूर्ण फीडबैक एवं सुझाव भी लिए।
बैठक में उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक अनिल कौशल, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक अशोक कुमार, नायब तहसीलदार पृथ्वी चंद, अन्य अधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रमुख भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।