जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक में जनहित के कई मुद्दों पर हुई चर्चा

हमीरपुर ,

जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक वीरवार को बबली देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में परिषद के विभिन्न सदस्यों की ओर से उठाए गए मुद्दों एवं प्रश्नों पर संबंधित अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की गई। इनमें से अधिकांश मुद्दे आम जनता और आवश्यक सुविधाओं से संबंधित थे।
बैठक में हमीरपुर-टौणीदेवी-अवाहदेवी हाईवे के निर्माण, भरेड़ी-चंदरूही सड़क की टारिंग, इसी सड़क के किनारे नालियों मरम्मत तथा फगलोट में पुलिया का निर्माण, रंगस के पास हाईवे पर अतिक्रमण, धनेटा में चौराहे पर ट्रैफिक लाइट्स स्थापित करने, बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान और जनहित के कई अन्य मुद्दों पर विभागीय अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की गई।
इसके अलावा विभिन्न सड़कों के आस-पास गिरे डंगों के पुनर्निर्माण, धनेटा के गांव शीतला में वर्षाशालिका के निर्माण, पीएचसी जंगलबैरी और पीएचसी गुब्बर में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के आवास के निर्माण, ग्राम पंचायत बडैहर में पुराने गले-सड़े बिजली के खंभों को बदलने तथा पिपलू की आल से लेकर शनि देव मंदिर तक चैक डैम के कार्य को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई।
सुजानपुर शहर के कचरे की डंपिंग साइट, विभिन्न स्कूलों में रिक्त पदों, बस सेवाओं और सोलर लाइटों की मरम्मत इत्यादि पर भी संबंधित जिला परिषद सदस्यों ने विभागीय अधिकारियों से ताजा स्थिति की जानकारी ली। परिषद के सदस्यों और अधिकारियों-कर्मचारियों के मानदेय एवं वेतन के बारे में भी अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए। भोटा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में वन भूमि पर निर्मित श्मशान घाटों और अन्य संपत्तियों को लेकर वन विभाग के अधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली गई।
परिषद की अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे सभी सदस्यों की ओर से उठाए गए जनहित के मुद्दों को गंभीरता से लें और इनके निवारण के लिए त्वरित कार्रवाई करें। एडीएम एवं परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल चौहान ने भी सभी अधिकारियों को तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिषद के सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनकी ओर से उठाए गए सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक का संचालन जिला पंचायत अधिकारी एवं परिषद की सचिव शशिबाला ठाकुर ने किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।