विश्वकर्मा प्रशिक्षुओं को बताई बैंकिंग, स्वरोजगार और बीमा योजनाएं

हमीरपुर ।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कारीगरों एवं पीएम-विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को विभिन्न स्वरोजगार, बैंकिंग, ऋण एवं बीमा योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र के दौरान पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के निदेशक अजय कुमार कतना ने प्रतिभागियों को पीएम-विश्वकर्मा योजना, मुद्रा योजना, अन्य स्वरोजगार योजनाओं, ऋण योजनाओं, स्वास्थ्य बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड इत्यादि के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के अलावा विभिन्न विभागों के माध्यम से भी कई सब्सिडी योजनाएं चलाई जा रही हैं। पात्र लोगों को इन योजनाओं का भरपूर लाभ उठाना चाहिए तथा अपना उद्यम या कारोबार स्थापित करना चाहिए। उन्होंने आरसेटी के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं के बारे में भी बताया। अजय कुमार कतना ने वित्तीय साक्षरता, डिजिटल बैंकिंग और बैंक उपभोक्ताओं के अधिकारों के बारे में भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं तथा डिजिटल ठगों से सावधान रहने की अपील की।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।