सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी में आयोजित किया जेम सेशन

भोरंज ।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने नेशनल एक्शन प्लान फॉर ड्रग डिमांड रिडक्शन के तहत शुक्रवार को कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी खरवाड़ के सहयोग से यूनिवर्सिटी कैंपस में एक संवाद सत्र (जेम सेशन) आयोजित किया। इस सत्र में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं वरिष्ठ सिविल जज असलम बेग ने मुख्य अतिथि और भोरंज के एसडीएम शशिपाल शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में भाग  लेकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर असलम बेग ने कहा कि नशे की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। विशेषकर, युवा पीढ़ी बड़ी तेजी से इसकी चपेट में आ रही है। उन्होंने कहा कि यह समाज के लिए एक दीमक की तरह है जोकि हमारी युवा पीढ़ी को अंदर ही अंदर खोखला कर सकता है। नशीले पदार्थों के सेवन से व्यक्ति न केवल अपनी शारीरिक हानि करता है, बल्कि अपने परिवार के साथ-साथ सामाजिक वातावरण को भी खराब कर देता है। असलम बेग ने बताया कि नशे को रोकने के लिए एनडीपीएस एक्ट जैसे कड़े कानून बनाए गए हैं, लेकिन इस समस्या को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार ने नशीले पदार्थों की अवैध फसलों को नष्ट करने, नशीले पदार्थों को जब्त करने, इनमें संलिप्त तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करने के साथ-साथ आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाने के लिए कई जागरुकता अभियान चलाए हैं। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षण संस्थानों में इस तरह के कार्यक्रम होने चाहिए। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव ने विद्यार्थियों को एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रावधानों और राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं से भी अवगत करवाया।
एसडीएम शशिपाल शर्मा ने कहा कि कई बार विद्यार्थी शुरुआती दौर में अपने दोस्तों के बीच देखा-देखी या फैशन की तरह धूम्रपान या नशीले पदार्थों का सेवन शुरू करते हैं और उसके बाद इनके आदी हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि कड़ी स्पर्धा के इस युग में माता-पिता की आशाओं एवं उम्मीदों पर खरा न उतरने तथा तनाव के कारण भी कई युवा नशे की ओर अग्रसर होते हैं। सभी युवाओं को इस प्रवृति से बचना चाहिए।
इस अवसर पर भोरंज के थाना प्रभारी, समग्र पुनर्वास केंद्र हमीरपुर से सोमाक्षी धीमान, स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ एजूकेटर अमरदीप शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी नशे की समस्या पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की। जिला कल्याण अधिकारी बलदेव चंदेल ने मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि और सभी वक्ताओं का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी प्रबंधन का भी आभार व्यक्त किया। छात्रा शिल्पा ठाकुर ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इससे पहले, यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. संजीव शर्मा, रजिस्ट्रार गुलशन संधू और अधिष्ठाता (छात्र कल्याण) डॉ. सौरभ कुमार ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।