विधायक सुरेश कुमार ने दिवंगत सैनिक के परिजनों को सौंपा 7.5 लाख रुपये का चेक

भोरंज ।

ग्राम पंचायत महल के गांव भ्याड़ के दिवंगत हवलदार दिनेश कुमार शर्मा के परिजनों को प्रदेश सरकार ने 7.5 लाख रुपये की फौरी सहायता राशि प्रदान की है। विधायक सुरेश कुमार ने शुक्रवार को दिनेश कुमार शर्मा के घर जाकर परिजनों को ढाढस बंधाया तथा प्रदेश सरकार की ओर से 7.5 लाख रुपये का चैक सौंपा। हवलदार दिनेश कुमार शर्मा थल सेना में सेवारत थे और 5 नवंबर को डयूटी के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई थी।
दिनेश कुमार शर्मा की माता गायत्री देवी, पत्नी रीना देवी, पुत्री कनिका शर्मा और कनिष्का शर्मा तथा पुत्र समक्ष शर्मा को सांत्वना देते हुए विधायक ने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके परिवार के साथ है। उन्होंने कहा कि फौरी सहायता राशि के अलावा प्रदेश सरकार दिवंगत सैनिक के परिवार की अन्य मदद भी करेगी।
इस अवसर पर एसडीएम शशिपाल शर्मा, ग्राम पंचायत प्रधान सुरेंद्र कुमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, चमन लाल काकू और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।