केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर में चित्रकला कार्यशाला का आयोजन

हमीरपुर,

पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय हमीरपुर में पीएम श्री योजना के अंतर्गत बैगलेस डे के दौरान विद्यार्थियों के लिए आर्ट (चित्रकला) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन चित्रकार राम सिंह द्वारा किया गया जिसमें सातवीं कक्षा के
विद्यार्थियों को चित्रकला की जानकारी, रंगों की जानकारी, नए रंग बनाना, चित्रों को मापना, पेंटिंग
करना, कलाकृतियां बनाना आदि सिखाया गया । इस कार्यशाला में छात्र उत्साहित नजर आए और छात्रों ने बढकर भाग लिया। कार्यशाला के दौरान स्वयं छात्रों ने भी अनेक चित्र बनाने का अभ्यास किया।

छात्रा सोनल सिंह ने बताया कि इस कार्यशाला में चित्रों की बारीकियां और चित्रों में रंगों को संयोजन करना सीखा । छात्रा इशिका ठाकुर ने बताया कि इस कार्यशाला में पेंसिल
और ब्रश का प्रयोग करना एवं चित्रों को प्रकाश और छायांकित करने की विधि को सिखाया गया । इस कार्यशाला के संयोजक कला शिक्षक श्री कमल किशोर ने बताया कि हम चित्रों के माध्यम से हमारे मनोभाव और विचारों को व्यक्त कर सकते हैं और बच्चों में कला से रचनात्मक कौशल का विकास होता है। कार्यशाला में बनाई गई पेंटिंग की विद्यालय में प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
इस अवसर पर प्राचार्य सुनील चौहान ने विद्यार्थियों को चित्रकला/पेंटिंग बनाने के प्रति प्रोत्साहित
करते हुए कहा कि हम इन चित्रों/ पेंटिंग के द्वारा हमारे घरों की सजावट कर सकते हैं। चित्रकला के
माध्यम से हमारी रचनात्मक क्षमताओं को प्रदर्शित कर सकते है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।