आईटीआई प्रशिक्षुओं को दी सड़क सुरक्षा की जानकारी,प्रशिक्षुओं ने रैली निकालकर दिया सड़क सुरक्षा जागरुकता का संदेश

हमीरपुर ,

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हमीरपुर में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हमीरपुर के थाना प्रभारी ललित महंत ने संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों और शिक्षकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सड़क पर सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाना केवल हमारी सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। थाना प्रभारी ने सड़क सुरक्षा व यातायात के नियमों का पालन न करने पर होने वाले सड़क हादसों से संबंधित आपराधिक कानूनों की जानकारी भी प्रदान की। उन्होंने साइबर क्राइम्स, महिला सुरक्षा, नशा निषेध विषयों पर भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
इस अवसर पर एक जागरुकता रैली भी निकाली गई, जिसमें संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आम लोगों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न उपायों से अवगत करवाया। कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। पोस्टर प्रतियोगिता में कनिष्का ने प्रथम, स्मृति ने द्वितीय और मेहा ने तृतीय स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में नेहा प्रथम, किरण द्वितीय और प्रियंका तृतीय रही।
संस्थान के प्रधानाचार्य सुभाष चंद ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए थाना प्रभारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं में सड़क पर सुरक्षित व्यवहार को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन्हें सड़क सुरक्षा के बारे में शिक्षित करें और उन्हें सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए प्रेरित करें।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।