मुख्यमंत्री सुक्खू के ज्ञानचंद ज्ञानू से रिश्ते पर चुप्पी क्यों: राजेंद्र राणा

हमीरपुर,

पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अवैध खनन के करोड़ों के कारोबार के सरगना ज्ञानचंद ज्ञानू के साथ मुख्यमंत्री के संबंधों पर प्रदेश की जनता के सामने स्पष्टीकरण देने के बजाय, मुख्यमंत्री अपने समर्थकों से बयान दिलवा रहे हैं।

यहां जारी एक बयान में राजेंद्र राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्यों व्यास नदी के किनारे ज्ञानचंद ज्ञानू को खनन की खुली छूट दी गई, जबकि बरसात के दौरान हमीरपुर, मंडी और कांगड़ा जिलों में व्यास के किनारे
जब सभी क्रशर बंद थे, तब ज्ञानचंद ज्ञानू को विशेष छूट देने का कारण क्या था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपनी गाड़ी में ज्ञानचंद ज्ञानू को सफर कराते रहे हैं और अब उनके साथ अपने संबंधों से पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

राणा ने कहा, “मुख्यमंत्री के संरक्षण में कुछ लोगों ने अपनी दरिद्रता दूर कर ली है और अब वे पत्रकार वार्ताओं में मुख्यमंत्री को ईमानदारी का सर्टिफिकेट बांट रहे हैं। लेकिन असली सवाल ज्ञानचंद ज्ञानू के साथ मुख्यमंत्री के संबंधों का है, जिस पर सभी चुप्पी साधे बैठे हैं।”

उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे अपने “चेलों-चांटों” से बयान दिलवाने के बजाय खुद जनता के सामने आकर स्पष्ट करें कि इस पूरे मामले में उनकी क्या भूमिका है। राणा ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश की जनता का अधिकार है कि उन्हें मुख्यमंत्री और ज्ञानचंद ज्ञानू के संबंधों की सच्चाई का पता चले।

मुख्यमंत्री को जवाब देना होगा!

राणा ने इस मामले को प्रदेश के लिए शर्मनाक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की चुप्पी पूरे मामले को संदिग्ध बना रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री ने इस पर शीघ्र जवाब नहीं दिया तो जनता उनके खिलाफ सवाल खड़े करेगी और सच्चाई सामने लाने के लिए आंदोलन की स्थिति पैदा होगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।