दुर्घटना के शिकार लोगों की तुरंत करें मदद ,हिट एंड रन केस में मौत पर 2 लाख रुपये की मदद का है प्रावधान: एसडीएम

हमीरपुर ।

एसडीएम हमीरपुर संजीत ठाकुर ने कहा है कि सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों की मदद के लिए हमें तुरंत बेझिझक आगे आना चाहिए। इससे किसी की जान बच सकती है। मंगलवार को नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) की 14वीं वाहिनी नूरपुर द्वारा स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग के सहयोग से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेड़ा में आयोजित एक जागरुकता कार्यक्रम में एसडीएम ने यह अपील की।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें आपदा से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों और फर्स्ट एड यानि प्राथमिक उपचार की पर्याप्त जानकारी होनी चाहिए। इससे वे किसी भी तरह की दुर्घटना या अन्य आपात परिस्थितियों में पीड़ित व्यक्ति की तुरंत मदद कर सकते हैं। सड़क दुर्घटनाओं की चर्चा करते हुए एसडीएम ने कहा कि आजकल प्रतिदिन कहीं न कहीं छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इनके शिकार लोगों की मदद के लिए सरकार ने विशेष प्रावधान किए हैं।
उन्होंने बताया कि सड़क पर हिट एंड रन के मामलों में मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये तक की सहायता राशि का प्रावधान है। इसके अलावा अन्य दुर्घटनाओं जैसे ढांक या पेड़ से गिरने, सर्पदंश, पानी में डूबने और अन्य घटनाओं से मौत पर भी चार लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है। लेकिन, इन मामलों में एफआईआर अवश्य दर्ज करवानी चाहिए तथा मृतक का पोस्टमार्टम भी करवाया जाना चाहिए, ताकि राहत राशि से संबंधित प्रक्रियाओं को पूर्ण किया जा सके। एसडीएम ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।
इस अवसर पर एनडीआरएफ की 14वीं वाहिनी के बचाव दल के प्रभारी और अन्य सदस्यों ने विद्यार्थियों को आपदा से बचाव और प्राथमिक उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा बचाव कार्यों का अभ्यास भी करवाया। पाठशाला के प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए एनडीआरएफ और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।