हमीरपुर को नगर निगम का दर्जा देने के लिए मुख्यमंत्री और सुनील शर्मा बिट्टू का जताया आभार

हमीरपुर।
नगर परिषद हमीरपुर के मनोनीत पार्षद निशांत शर्मा ने परिषद को नगर निगम का दर्जा देने के प्रदेश मंत्रीमंडल के निर्णय को ऐतिहासिक बताया है।  यहां जारी एक बयान में निशांत शर्मा ने इसके लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू का आभार व्यक्त किया है।
 निशांत शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जिला हमीरपुर के चहुमुखी विकास के लिए लगातार बड़े निर्णय ले रहे हैं और जिलावासियों को एक के बाद एक कई सौगातें दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद हमीरपुर शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों का सुनियोजित विकास सुनिश्चित होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मनोनीत पार्षद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर शहर में लगभग डेढ़ दशक से लटके अंतर्राज्यीय बस अड्डे के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये का बजट उपलब्ध करवाया और शहर सौंदर्यीकरण एवं विभिन्न सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए भी करोड़ों रुपये का प्रावधान किया है। अब नगर निगम का दर्जा मिलने से हमीरपुर शहर के विकास को और बल मिलेगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।