टौणीदेवी में शुरू हुआ 10 दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण शिविर

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर के सौजन्य से सोमवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय टौणीदेवी में स्थानीय महिलाओं के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आरंभ हुआ। इस शिविर में महिलाओं को मशरूम की खेती का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए खंड विकास अधिकारी वैशाली शर्मा ने प्रतिभागी महिलाओं के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाएं पारंपरिक खेती और पशु पालन के साथ-साथ इनसे संबंधित अन्य गतिविधियों के माध्यम से भी घर में ही अच्छी आय अर्जित कर सकती हैं। मशरूम की खेती में भी इसकी अच्छी संभावनाएं हैं। शिविर के आयोजन के लिए आरसेटी की सराहना करते हुए वैशाली शर्मा ने कहा कि महिलाओं को इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भरपूर लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा सभी प्रतिभागी महिलाओं का स्वागत करते हुए आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं अपने कौशल का विकास एवं उन्नयन करके घर में ही उद्यम स्थापित कर सकती हैं या अपना कारोबार आरंभ कर सकती हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिकी मजबूत होगी। अजय कुमार कतना ने बताया कि इस दस दिवसीय शिविर के दौरान प्रतिभागी महिलाओं को खाना, वर्दी, स्टेशनरी और अन्य सामग्री आरसेटी की ओर से ही उपलब्ध करवाई जाएगी।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान रविंद्र सिंह ठाकुर, आरसेटी के फैकल्टी मैंबर विनय चौहान, सीआरपी राजकुमार, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की क्षेत्रीय समन्वयक नीता और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।