जिला सचिवालय में 20 कमरे किए खाली, जहां-तहां बने शैड भी हटवाए

हमीरपुर ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह द्वारा आरंभ की गई विशेष मुहिम के बाद जिला के मिनी सचिवालय की कायाकल्प हो रही है। कई दशकों से अनावश्यक रूप से जमा पुराने अनुपयोगी सामान एवं कबाड़ हटाए जाने के बाद मिनी सचिवालय मंे लगभग 20 बड़े एवं छोटे कमरे खाली हुए हैं। इन कमरों को उपयोग में लाने के लिए मरम्मत कार्य जोरों पर है।
कई दशकों से बंद पड़े इन कमरों के ताले खुलने और इनकी मरम्मत के बाद उपायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखाओं को पर्याप्त जगह मिलेगी तथा इन शाखाओं के माध्यम से आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मिनी सचिवालय परिसर में सरकारी गाड़ियों और अन्य सामान के लिए अनावश्यक रूप से जहां-तहां बनाए गए शैडों को भी उपायुक्त के निर्देशानुसार हटवा दिया गया है। इससे यह परिसर खुला और सुंदर लगेगा तथा आम लोगों की आवाजाही में भी आसानी होगी।
अमरजीत सिंह ने सोमवार को भी स्वयं पूरे मिनी सचिवालय परिसर का निरीक्षण किया तथा मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि वर्षों से बंद रहने के कारण मिनी सचिवालय के कई कमरों की हालत बहुत ही खराब हो चुकी थी और इनका उपयोग नहीं हो पा रहा था। पुराना अनुपयोगी सामान हटाए जाने के बाद इन कमरों को उपयोग में लाने के लिए इनकी आवश्यक मरम्मत की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मिनी सचिवालय की बैक साइड को भी साफ करवाया जा रहा है तथा इस तरफ के कमरों की मरम्मत करवाकर इन्हें भी उपयोग में लाया जाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त के साथ जिला राजस्व अधिकारी जसपाल सिंह और जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) के अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।